Ticker

6/recent/ticker-posts

भीषण चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कल शाम तक गुजरात के जखाऊ बंदरगाह से टकराने की आशंका


दिल्ली(एआईआर):-अरब सागर में उठे भीषण चक्रवाती तूफान बिपॉरजॉय के 15 जून की शाम चार बजे के बाद गुजरात के जखाऊ बंदरगाह से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान अभी जखाऊ से लगभग 280 किलोमीटर दूर स्थित है।


मौसम विभाग के अनुसार गुजरात के तटवर्ती क्षेत्र से टकराने के समय यह तूफान भीषण रूप ले सकता है। इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवा चल सकती है। इसकी गति 150 किलोमीटर तक पहुंचने की आशंका है। समुद्र में दो से तीन मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर और मोरबी जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है। इन जिलों में कई स्थानों पर तीन से छह मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। तूफान के खतरे को देखते हुए गुजरात के तटवर्ती क्षेत्रों तथा उससे सटे उत्तरी अरब सागर क्षेत्र में मछली पकड़ने की गतिविधियों पर 14 जून से 18 जून तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।


अहमदाबाद के मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि तूफान के प्रभाव से 15 जून को उत्तरी गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा और पाटन जैसे जिलों में भारी बारिश हो सकती है।


मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के तटीय क्षेत्रों में चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज गांधीनगर में आपातकालीन संचालन केंद्र में बैठक की। राज्य के राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने बैठक में बताया कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम आज शाम तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। अब तक विभिन्न जिलों से 47 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।


केंद्रीय रेल राज्य मंत्री दर्शना बेन जारदोश ने पोरबंदर के माधवपुर गांव वासियों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। केंद्रीय मंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।


इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने आज भुज में वायुसेना अड्डे का दौरा किया और बचाव तथा राहत अभियान के लिए वायुसेना की तैयारियों का जायजा लिया। सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक रवि गांधी ने भी आज गुजरात के तटीय क्षेत्रों का दौरा किया।


तूफान की आशंका के बीच आज कच्छ में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता तीन दशमलव पांच मापी गई।

टिप्पणी पोस्ट करा

0 टिप्पण्या