दिल्ली(एआईआर):-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार देश में सभी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करके वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने भारत को वैश्विक ताकत बनाने के लिए हाल के वर्षों में कई कदम उठाए हैं। नई दिल्ली में आज एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने आर्थिक, रक्षा, शिक्षा, सुशासन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
देश की सैन्य ताकत को बढ़ाने की दिशा में उठाए कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए कई बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सुरक्षा बलों के इस्तेमाल के लिए अत्याधुनिक हथियार निर्माण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि देश का घरेलू रक्षा उत्पादन हाल में एक लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है।
भारत को उभरती महाशक्ति बताते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने कारोबारी सुगमता के लिए कर संरचना में बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में रिकॉर्ड कर संग्रह हुआ और विदेशी निवेशक भारत को निवेश के आकर्षक केंद्र के रूप में देख रहे हैं।


0 टिप्पण्या