दिल्ल(एआईआर):-केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि केन्द्र मणिपुर में शांति बहाली के लिए प्रतिबद्ध है। आज इम्फाल में एक संवाददाता सम्मेलन में श्री शाह ने कहा कि राज्य में हिंसा की घटनाओं की जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीबीआई का विशेष दल भी राज्य में हिंसक घटनाओं की जांच करेगा। श्री शाह ने कहा कि मणिपुर में हिंसक घटनाओं की जांच के लिए कई एजेंसियां काम कर रही हैं। उन्होंने मणिपुर की जनता को भरोसा दिलाया कि बिना किसी पक्षपात और भेदभाव के जांच की जाएगी और अपराधियों को दंडित किया जाएगा। गृह मंत्री ने बताया कि हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। यह राशि डी. बी. टी के माध्यम से पीड़ितों को अंतरित की जाएगी। श्री शाह ने कहा कि केन्द्र सरकार राज्य में हिंसा पीड़ितों की मदद के लिए बीस डॉक्टरों सहित चिकित्सा विशेषज्ञों के आठ दल मणिपुर भेजेगी। गृहमंत्री ने कहा कि पांच दल राज्य में पहले ही पहुंच चुके हैं और तीन दल शीघ्र ही पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिनके पास हथियार हैं उन्हें पुलिस के समक्ष समर्पण कर देना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि तलाशी अभियान कल से शुरू होगा और अगर किसी के पास हथियार मिलेगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्री शाह मणिपुर के चार दिन के दौरे पर हैं।


0 टिप्पण्या