8-9 किसानों को भारी नुकसान, पंचनामा कर मुआवजे की मांग
चित्रा न्युज संवाददाता
साकोली :-साकोली तहसील के अंतर्गत आने वाले सुंदरी ग्राम में बीती रात हुई तेज बारिश ने किसानों पर कहर बरपा दिया। ग्राम के तालाब की पार (बांध) टूट जाने से करीब 20 से 25 हेक्टेयर में लगी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। इस घटना से 8 से 9 किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरी ग्राम के सर्वे क्रमांक 47, 48 और 49 स्थित तालाब की पार बीती रात अचानक हुई झमाझम बारिश के कारण टूट गई। पार टूटने के बाद तालाब का पानी और मिट्टी तेजी से खेतों में बह गई, जिससे धान की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। देखते ही देखते किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया।
इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों में विजय झोडे, योगेंद्र झोडे, अरविंद झोडे, देवराम झोडे, धीरज झोडे तथा शिवशंभू झोडे सहित अन्य किसान शामिल हैं। किसानों ने बताया कि इस वर्ष पहले ही अपेक्षा से कम बारिश होने के कारण वे चिंतित थे, और अब अचानक हुई तेज बारिश ने उनकी बची-खुची उम्मीद भी खत्म कर दी।
घटना के बाद सुंदरी ग्राम पंचायत से किसानों ने मांग की है कि नुकसानग्रस्त फसलों का तत्काल पंचनामा किया जाए और उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही तालाब की टूटी हुई पार की मरम्मत के लिए शासन स्तर पर निधि मंजूर कर जल्द से जल्द दुरुस्ती कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते तालाब की पार मजबूत की गई होती, तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है ।


0 टिप्पण्या